मूर्ति, शार्क और कबीले
इस्तांबुल के शोले- परशुराम शर्मा
अक्टूबर 2026 को हम समर्पित कर रहे हैं लोकप्रिय उपन्यास साहित्य के एक सशक्त हस्ताक्षर उपन्यासकार परशुराम शर्मा जी को। जिन्होंने उपन्यास साहित्य के अतिरिक्त काॅमिक्स क्षेत्र में भी कीर्तिमान स्थापित किये हैं।सन् 2026 के अक्टूबर माह में परशुराम शर्मा जी के पांच उपन्यासों की समीक्षा यहाँ प्रस्तुत की जायेगी और संभव हुआ तो आगामी माह भी यह श्रृंखला जारी रहेगी ।
इस शृंखला के प्रथम चरण में प्रस्तुत है परशुराम शर्मा जी का एक थ्रिलर उपन्यास 'इस्तांबुल के शोले' । यह एक रोचक थ्रिलर उपन्यास है जिसका कथानक एक गायब मूर्ति से है जो इस्तांबुल में पायी जाती है और उसे पाने लिए खूनी संघर्ष आरम्भ होता है। इस मूर्ति के विषय में एक बात कही जाती है- यह मूर्ति जब भी एक स्थान से दूसरे स्थान के लिये पलायन करती है तो दो-चार मौत जरूर होती हैं।
अब आरम्भ करते हैं उपन्यास समीक्षा ।
उपन्यास समीक्षा से पूर्व हम उपन्यास का प्रथम पृष्ठ देखते हैं-
गाल्टा ब्रिज को पार करते ही कार के इंजन का शोर गूंजने लगा। उसने आंखों से चश्मा उतारा और आंखे रुमाल से साफ करने लगा पलकों पर हल्की ठण्डी लहर टकराई और उसने रानी बाग को तरफ जाती सड़क को देखा ।
सैवून उस सड़क पर आते ही धीमी पड़ गई। उसी स्थान से ट्रैफिक का रश बढ़ गया था। और कदम-कदम पर ट्रैफिक पुलिस के सिपाही तैनात थ जो ड्राईवरों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे ।
सैवून गोल्डन हार्न के निकटतम क्षेत्र में आते ही पार्क रोड पर घूम गई और कार की कतार में रुकती धीमे-धीमे सरकती हुई सैंकड़ो कारों की कतारों में समा गई। फिर ड्राईवर ने उसे रिवर्स किया और अन्तिम पंक्ति पर पहुंचते ही कार रोक दो । सैवून का इंजिन बन्द हो गया ।
उसने जल्दी से उतर कर पिछला दरवाजा खोला और कार की पिछली सीट से अधेड़ आयु का व्यक्ति बालों पर हाथ फिराता नीचे उतरा । तुरंत ही एक गाइड लड़की समीप आ गई ।
'आपको अवश्य ही मेरी जरुरत पड़ेगी।' वह बोली-'इस्ताम्बूल में इससे बड़ा मेला कभी नहीं लगा, यह मेला गोल्ड हार्न के किनारे-किनारे मीलों तक फैला है , और गाइड के बिना इसका दर्शन अधूरा रह जाता है यदि आप सचमुच रानी बाग का आनन्द उठाना चाहते हो तो आप को अपना सारा समय मेरे सुपर्द करना होगा। अगर आप मुझे सेवा का मौका देगें ।
'धन्यवाद मैडम ।'- वह व्यक्ति बोला -'मैं अपनी सेवा स्वयं करने में विश्वास रखता हूँ।' (इस्तांबुल के शोले- परशुराम शर्मा,प्रथम पृष्ठ)
यह कहानी है इस्तांबुल की शहर की। इस्तांबुल तुर्की (Turkey) नामक देश का एक प्रसिद्ध शहर है। विश्व इतिहास में इस्तांबुल का जिक्र विशेष रूप से आता है। कभी इस्तांबुल तुर्की की राजधानी भी रहा था।
इसी इस्तांबुल में एक विशेष प्रदर्शनी हो रही है और उसका आयोजन राज परिवार करवा रहा है। इस प्रदर्शनी में विभिन्न देशों के लोग भाग लेते हैं।
इस्ताम्बूल के इस कार्निवाल में दुनिया भर के प्रसिद्ध कलाकारों की आर्ट गैलरियां आमंत्रित की गई थी ।(पृष्ठ)
इसी प्रदर्शनी में भारत का एक व्यक्ति भी भाग लेता है। दरअसल उसे इस्तांबुल में एक मूर्ति के विषय में बुलाया गया है-
इस व्यक्ति का नाम रजनीश कुमार था, जो बम्बई महा नगर के 'ओल्ड स्टार म्यूजियम' का मालिक था । ओ.एस. म्यूजियम पुरानी काल कृतियों का प्रमुख म्यूजियम माना जाता था जिसमें अधिकांशत मूतियों का भंडार था । रजनीश कुमार ने करोड़ों रुपये की लागत से उसे बनाया था और वह पुरानी कलाकृतियों को खरीद कर फरोख्त भी करता रहता था। (पृष्ठ संख्या)
कुछ वर्ष पूर्व रजनीश कुमार की एक विशेष मूर्ति चोरी हो गयी थी । कहते हैं वह मूर्ति जब भी इधर से उधर होती है तब वहां कुछ लोग अकाल मृत्यु को प्राप्त होते हैं। इस विशेष मूर्ति का एक लम्बा इतिहास भी है।
इसी कार्निवल में एक अज्ञात व्यक्ति इस चोरी हुयी विशेष मूर्ति का सौदा करना चाहता है। और वह सौदा होता है रजनीश कुमार के साथ। लेकिन रजनीश इतना मूर्ख न था कि वह अपनी चोरी हुयी के भारी रकम यूं ही किसी को दे देता।
चोरी हुई थी तो चोरी का रहस्य जानने वाले तीन आदमियों की हत्या हो गई थी और इस प्रकार यह मूर्ति जब भी एक स्थान से दूसरे स्थान के लिये पलायन करती है तो दो-चार मौत जरूर होती हैं। इसके लिये एक बड़ी जंग भी हो चुकी श्री । तब भी इसे लूट लिया गया था । असल बात यह है कि दूसरा महत्व दुनिया के कुछ व्यक्ति ही जान सकते हैं, इसलिये इस मूर्ति का खरीदार मिलना आसान नहीं । अनजान आदमी तो इसका मूल्य साधारण ही लगायेगा । इस बात से यह प्रतीत होता है कि चोरों को दूसरा खरीदार नहीं मिल पाया ।(पृष्ठ)
रजनीश अपने सहयोगियों के साथ मिलकर खेल खेलता है ताकि उस मूर्ति चोरी का पता चल सके लेकिन वह मूर्ति चोरी रजनीश की कल्पना से कहीं आगे का खिलाड़ी है।
वहीं राज परिवार का एक अलग ही खेल चलता है। राज परिवार के अतिरिक्त यहां के क्षेत्र पर स्थानीय कबीलों का शासन है और वह कबीले एक समझौते के अंतर्गत शासन करते हैं। वहीं राज परिवार उन कबीलों के क्षेत्र में हस्तक्षेप करता है । (क्यो करता है यह रहस्य उपन्यास के साथ पढें तो ज्यादा अच्छा है )
रजनीश जब सफल नहीं होता तो वह इस्तांबुल के एक जासूस गुण्डे बिस्मार्क की मदद लेता है। बिस्मार्क जासूस भी और गुण्डा भी। वह राज परिवार और पुलिस का सहयोगी भी है। वह स्वयं के विषय में कहता है- मेरा नाम बिस्मार्क है और मैं इस्ताम्बूल का शैतान हूँ।(पृष्ठ)
बिस्मार्क अपना जाल बिछाता है लेकिन मूर्ति का तस्कर उस जाल में बड़ी सफाई से निकल जाता है।
'क्या रहा ?' रजनीश ने पूछा ।
'खेल जोरों पर है, पहले मैं सोचता था कि मेरा पाला किसी मूर्ख सौदागर से पड़ा है। परन्तु अब मेरी राय दूसरी है, वह भेड़िये की तरह चालाक है और उसे मालूम है कि जैसे ही वह मेरे हाथ आयेगा मैं उसका बेड़ा गर्क कर दूंगा ।'(पृष्ठ ...)
वहीं राज परिवार भी बिस्मार्क की मदद लेता है ताकि इस अंतरराष्ट्रीय कार्निवल में कोई व्यक्ति अनावश्यक हस्तक्षेप न करे।
वहीं कार्निवल में एक सफेद शार्क (white Shark) के विशेष चर्चे हैं। लेकिन बिस्मार्क की खॊज भी उसे सफेद शार्क तक ले आती है।
एक तरफ मूर्ति चोर को पकड़ने का अभियान है, दूसरी तरफ कबीले कर लोगों का अलग संघर्ष और इनके बीच में सफेद शार्क का संघर्ष चलता रहता है लेकिन इस सब के मध्य काॅमन आदमी है बिस्मार्क । जिसे यह सब बिखरी कड़ियाँ जोड़नी है वास्तविकता का पता लगाना है।
अब कहानी का बिस्मार्क के हवाले है और वही अंत तक संघर्ष करता नजर आता है। मूर्ति चोरी से आरम्भ घटनाक्रम कबीलों से होता हुआ अंत में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक जा पहुंचता है।
कुछ रोचक:-
बिस्मार्क सीधा होटल पहुंचा ।
जिस समय वह कमरे से रवाना हुआ था तो दरवाजे पर एक बारीक बाल चिपका कर गया था, ताकि उसकी अनुपस्थिति में यदि कोई कमरे में दाखिल होता है तो उसे पता चल जाय । उसने दरवाजा खोला तो वह बाल यथास्थान पर था । उसने संतुष्टि की सांस ली और कमरे में दाखिल हो गया ।
क्या ऐसा प्रयोग सुरक्षित होता है। और भी कुछ उपन्यास यह प्रयोग देखने को मिला है।
हास्यरस:-
उपन्यास एक्शन प्रधान है लेकिन एक जगह लेखक ने हास्य का उपयोग भी किया है
'मैं रजनीश हूं।' वह बोला ।
'कौन भगवान श्री रजनीश ?'
'नहीं भाई, ओ० एस० म्यूजियम ।'
'अरे वाह आप, आप वहां क्या कर रहे हैं ? सीधे थर्ड गैलरी में चले आइये न । मैं समझा यहां भगवान आ गये हैं, आधुनिक सभ्यता के आधुनिक भगवान ।' वह हंसा-'आप जानते ही हैं मेरी उससे कभी नहीं पटी ।'
उपन्यास का आरम्भ बहुत रोचक ढंग से होता है। कहानी एक मूर्ति चोरी और उसकी बिक्री से संबंधित है। जिसमें कई व्यक्ति अलग-अलग रूप से शामिल होते हैं। लेकिन शीघ्र ही कहानी द्वितीय विश्व युद्ध और तात्कालिक संगठनों से जुड़ने लगती है और और अपनी रोचकता को खो देती है।
अगर कहानी सिर्फ मूर्ति तस्करी और उनकी खोज-हत्या आदि पर आधारित होती तो ज्यादा दिलचस्प होती क्योंकि लेखक महोदय ने मूर्ति जे विषय में जो भूमिका तैयार की है वह अत्यंत रोचक है। लेकिन कहानी में बाद में कबीले, ब्लैक राइट, मैलड्रम जैसे पात्र और अनावश्यक वर्णन कहानी को नीरस बनाता है।

No comments:
Post a Comment