Saturday 30 March 2019

182. अधूरा इंसाफ- राम पुजारी

मैं जीना चाहती हूँ.... माँ
अधूरा इंसाफ.... एक और दामिनी, राम पुजारी, सामाजिक उपन्यास।
लेखक राम पुजारी जी के साथ (दिल्ली)

 भारत एक ऐसा देश है जहाँ नारी शक्ति की पूजा की जाती है, नारी को देवी माना जाता है। इसलिए भारतीय धर्मग्रंथ कहते हैं।
यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:।

     नारी के विभिन्न रूप हैं, वह माँ, बहन, पत्नी आदि विभिन्न रूपों में आदरणीय है, पूज्य है। लेकिन भारतीय संस्कृति अपने जीवन मूल्यों को खो रही है और उसी का दुष्परिणाम है जिस देश में नारी की पूजा की जाती थी वहीं आज स्त्री एक भोग की वस्तु मात्र ही तो बन कर रह गयी। (पृष्ठ-119)
            राम पुजारी जी एक सामाजिक उपन्यासकार हैं। वे समाज को बहुत गहरे से देखते हैं और जो विकृति उन्हें नजर आती वे उसे कहानी का रूप दे देते हैं। वह कहानी मात्र मनोरंजन की दृष्टि से नहीं लिखते बल्कि ‌समाज पर एक व्यंग्य करते हैं, समाज की निकृष्टता को समाने लाते हैं।
राम पुजारी जी का एक सामाजिक उपन्यास है 'अधूरा इंसाफ.....एक और दामिनी'। यह उपन्यास एक वास्तविक घटना पर आधारित है या यूं कह सकते है इस उपन्यास के माध्यम से लेखक महोदय ने दिल्ली में16 दिसंबर 2012 में घटित एक घटना का वर्णन किया है। यह मात्र एक उपन्यास नहीं है बल्कि एक दुर्घटना का जीवंत चित्रण है।
यह कहानी है वैदेही की।‌ दिल्ली निवासी वैदेही एक सामान्य परिवार की लड़की। वैदेही के दो भाई-बहन और भी हैं। माँ- बाप मेहनत-मजदूरि करके अपने बच्चों को शिक्षित करते हैं।- वैदेही प्रतिभाशाली है, और उसकी प्रतिभा को सही दिशा मिल जाये तो वह जिंदगी में बहुत कुछ हासिल कर सकती है। (पृष्ठ-31) लेकिन उसे हासिल क्या हुआ।
         स्त्री आज के आधुनिक युग में भी अपने आपको एक जंगल में पाती है, जहाँ के जानवर थोड़ा पढ-लिख कर सुंदर कपड़े पहनना सीख गये। (पृष्ठ-110)
कुछ आधुनिक युग के शिक्षित जानवरों ने वैदेही के सपने को चकनाचूर कर दिया। स्त्री की यह नियति रही की वह स्त्री है। क्या नारी होना भी एक गुनाह है। हम जिस गर्भ से जन्म लेते हैं उसी गर्भ के प्रति हमारी सोच इतनी निकृष्ट क्यों?

....और लड़की का इसमें कोई कसूर नहीं, सिवाय इसके कि वह लड़की है।(पृष्ठ-53)। बलात्कार एक एक ऐसा कृत्य है जो पीड़ित की आत्मा तक को खत्म कर देता है- रेप,बलात्कार कहने को एक अपराध है, जिसमें शारीरिक घाव तो सभी को दिखाई दे जाते हैं, आंतरिक चोट का अंदाजा उसे ही होता है, जिसने इसे सहा है।(पृष्ठ-110) यह दर्द सहती है वैदेही।
            वैदेही अमानवीय कृत्य को सह न सकी और इस दुनियां को अलविदा कह गयी लेकिन अपने पीछे असंख्य प्रश्न छोड़ गयी। उन प्रश्नों का जवाब हमें तलाशना है, सिर्फ जवाब ही नहीं बल्कि ऐसे कुकृत्य फिर न हो यह कोशिश भी करनी है।

            नारी की दर्द को दर्शाती राम पुजारी जी की यह रचना वर्तमान समाज का यथार्थ दर्शाती है। एक तरफ हम शिक्षा का स्तर बढा रहे हैं वहीं हमारे सामाजिक और नैतिक मूल्यों का तेजी क्षय हो रहा है। हम मात्र भौतिकवादी बन कर रह गये। यह भौतिकता एक दिन हमें कहां लेकर जायेगी यह विचारणीय प्रश्न है।
उपन्यास में वैदेही के घटनाक्रम के साथ-साथ उस समय दिल्ली में हुये प्रदर्शन का भी चित्रण है।
              मानवीय संवदेना को झकझोरता यह उपन्यास हमारे समाज के समक्ष एक दर्पण है जो हमें हमारी वास्तविक से परिचित करवाता है।

          उपन्यास मात्र एक बलात्कार पीड़ित स्त्री की हि कहानी नहीं बल्कि यह समाज और प्रशासन की कई कमियां को भी दर्शाया है।
              नारी के प्रति भारतीय समाज का दृष्टिकोण तो इस उपन्यास में बहुत जगह नजर आता है। जहाँ तक की कुछ लोग तो पीडिता को ही दोषी मानते हैं। ये विचार सामान्य जनता के ही नहीं कुछ धार्मिक बाबा और नेताओं के भी हैं।-आज भी ये पुरुष प्रधान समाज ही है, जहाँ प्रत्येक बात के लिए औरत को ही दोषी माना जाता है। (पृष्ठ-85)

         मानव और वैदेही को पुलिस ने घायल अवस्था होने पर भी नजरअंदाज किया। वहीं पुलिस के व्यवहार पर लेखक ने बहुत अच्छा लिखा है।- दरअसल, आम भारतवासी पुलिस स्टेशन जाने से डरता है। और जो डरता नहीं.... उसका विश्वास उस दिन चकनाचूर हो जाता है, जिस दिन उसे दुर्भाग्यवश पुलिस स्टेशन जाना पड़ता है....।(पृष्ठ-20)
              वर्तमान भौतिक युग में हमारे रिश्ते भी खत्म होते जा रहे हैं। कभी स्वयं के मौहल्ले की ही नहीं बल्कि पूरे गाँव की लड़की बहन होती थी और अब सिनेमा-टीवी ने भाई-बहन के रिश्ते भी खत्म कर दिये। इसी दर्द को लेखक ने लिखा है- अधिकतर लड़कियां सिर्फ बाॅयफ्रेण्ड बनाती हैं और लड़के गर्लफ्रेंड । भाई-बहन का ख्याल तो दोनों में किसी के सपने में भी नहीं आता। (पृष्ठ-190)
        ऐसे अनेक प्रश्न उपन्यास में उठते हैं जो हमें सोचने को विवश करते हैं की आखिर हम जा किस राह रहे हैं।

उपन्यास की भाषा शैली सहज और सरल है कहीं भी कोई क्लिष्ट शब्दावली प्रयुक्त नहीं हुयी कुछ कथन स्मरणीय है।- ये जीवन एक संघर्ष है। यदि किसी काम में सफलता न मिले तो अपनी कोशिशों को सौ गुणा बढा देना चाहिए।(पृष्ठ-33)

       उपन्यास में एक दो जगह शाब्दिक गलतियाँ को छोड़ दे तो कुछ कमी नहीं, हाँ, कहीं-कहीं अनावश्यक विस्तार अवश्य खटकता है। लेखक को प्रत्येक घटना का विस्तार से वर्णन की जगह कुछ बाते संकेत में बता देनी चाहिए।

निष्कर्ष-
'अधूरा इंसाफ....एक और दामिनी' वर्तमान पुरूष प्रधान समाज में नारी के प्रति सोच को प्रर्दशित करता एक सार्थक उपन्यास है। आज चाहे हम कितने भी शिक्षित हो गये लेकिन स्त्री के प्रति विचार नकारात्मक ज्यादा रहे।
वास्तविक का चित्रण करता यह उपन्यास मात्र पठनीय ही नहीं बल्कि विचारणीय भी है।


उपन्यास- अधूरा इंसाफ....एक और दामिनी
लेखक- राम पुजारी
प्रकाशक- GullyBaba
www.gullybaba.com
पृष्ठ-_ 198
मूल्य- 160
लव जिहाद- राम पुजारी
उपन्यास विमोचन- YouTube video


Friday 22 March 2019

181. मुखौटे का रहस्य- अनुराग कुमार सिंह

त्रिमूर्ति का साहसिक कारनामा

    मुझे बाल साहित्य पढने का खूब शौक है। अगर बाल साहित्य रोचक और साहसिक कार्य से भरा हो तो उसका आनंद तो अदभुत है। बच्चों के रोचक कारनामें मुझे आकृष्ट करते रहे हैं।
          अनुराग कुमार सिंह का एक बाल उपन्यास 'मुखौटे का रहस्य' पढने को मिला जो काफी रोचक है।
           मुखौटे का रहस्य कहानी है तीन साहसी बालकों की जो अपनी हिम्मत से एक खतरनाक गैंग से टकरा जाते हैं और उसे अपने साहस और दिमाग से धूल चटा देते हैं।

              सदियों पूर्व इस पृथ्वी पर राक्षस और देवता रहते थे। समय अनुसार देव शक्ति के आगे राक्षस हार गये लेकिन कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जो सदियों पूर्व खत्म हो गये इस रहस्य को खोजना चाहते हैं। ऐसे ही एक वैज्ञानिक है अनिल सहाय। अनिल सहाय के हाथ दुर्लभ, अदभुत किंतु जानलेवा 'मुखौटा' हाथ लगता है।

               जैसा की उपन्यास का शीर्षक है 'मुखौटे का रहस्य' उपन्यास में एक मुखौटा है वह जिसके भी हाथ लगा उसका कत्ल हो गया। लेकिन फिर भी लोग उस मुखौटे का मोह त्याग नहीं पाते।
- क्या है उस अदभुत मुखौटे में?
- क्यों लोग उस मुखौटे के लिए जान देने पर तुले हैं?
- किस को मिला वह मुखौटा?
- आखिर क्या रहस्य है मुखौटे का?


              यह कहानी है अरण्य नामक शहर की - अरण्य एक छोटा सा शहर था यहाँ शहर की आधुनिकता भी थी और गाँव की हरियाली भी। (पृष्ठ-12) यह शहर उस जगह पर स्थित है जहाँ से कभी पाताल लोक जाने का राक्षसों का रास्ता होता था। समय बदला, राक्षस तो न रहे पर उनकी शैतानी ताकतों को प्राप्त करने के लिए कुछ शैतान जाग उठे। लेकिन इन शैतानों का सामना करने के लिए कुछ देव शक्तियाँ 'गरूड़' आदि उपस्थित होती हैं और उनके साथ है त्रिमूर्ति।
तीव्र, सिया और चतुर्भुज की यह त्रिमूर्ति उन शैतानों से जा टकरायी।
तीव्र- उसकी उम्र अभी मात्र 16 वर्ष की थी और वो दसवीं कक्षा का छात्र था। उसका शरीर लंबा और छरहरा था पर नियमित योगाभ्यास के कारण सुडौल और स्वस्थ था। (पृष्ठ-09)
वहीं सिया कराटे में माहिर है तो चतुर्भुज पहलवान शरीर का है।
उपन्यास में जहाँ एक्शन है तो वहीं तीनों बच्चों के बीच का हास परिहास भी उपस्थित है।


           उपन्यास में आधुनिक टेक्नोलॉजी का जिस तरह से बच्चों ने इस्तेमाल किया है वहाँ लेखक महोदय प्रशंसा के पात्र है। इससे उपन्यास में कुछ नयी संभावनाएँ पैदा होती है जैसा की इस श्रृंखला का आगामी उपन्यास 'मंगल के हत्यारे' है तो उम्मीद है उसमें में टेक्नोलॉजी के कुछ रंग-ढंग पढने को मिलेंगे।

        अगर यह उपन्यास बच्चों के लिए है तो इसका मूल्य कुछ ज्यादा है। यह लेखक और प्रकाशक को देखना चाहिए की अगर वो इस उपन्यास को बच्चों तक पहुंचाना चाहते हैं तो इसका मूल्य भी उनके अनुरूप होना चाहिए।

निष्कर्ष-
               'मुखौटे का रहस्य' एक बाल उपन्यास है, जो तीन बालकों के साहसिक कार्य को वर्णित करती है। देव और राक्षस प्रवृत्ति के इस सदियों से चले आ रहे संघर्ष का आधुनिक रूप में वर्णन करता यह बाल उपन्यास आदि से अंत तक रोचक है।
उपन्यास पठनीय है।


उपन्यास- मुखौटे का रहस्य
लेखक- अनुराग कुमार सिंह
प्रकाशक- सूरज पॉकेट बुक्स- मुंबई
पृष्ठ - 162
मूल्य- 150₹

180. सम-प्रीत- एम. इकराम फरीदी

समलैंगिकता से उपजी एक मर्डर मिस्ट्री
समप्रीत- एम. इकराम फरीदी, उपन्यास

मनोज ने अंकिता के गले में हाथ डाला और भीतर चलते हुए बोला-"आज मैं बहुत खुश हूँ सखी।"
अंकिता ने गर्दन मोड़कर मनोज को देखा और चेहरे पर जबरदस्ती मुस्कान लाती हुयी बोली -"ऐसा क्या? "
मनोज रहस्यपूर्ण मुस्कान के साथ बोला -"कल मेरे पति आ रहे हैं?
"व्हाट, क्या मजाक है यह?"
"मेरी जान यह मजाक नहीं है, यह मेरी सच्चाई है, जिससे अभी तक तुम वाकिफ नहीं थी लेकिन अब हो जाओगी।" वह फ्रिज से पानी की बोतल निकालते हुए बोला "आज मैं बहुत खुश हूँ। तुमसे शादी करके मैं‌ जरा भी खुश नहीं रहा हूँ क्योंकि मुझे तुम्हारी नहीं बल्कि एक पति की जरूरत थी।"

           उक्त कथन एम. इकराम फरीदी जी के उपन्यास 'सम-प्रीत' उपन्यास का है। जहाँ एक पुरुष अपने लिए एक पति की तलाश में है।
              जब एक पत्नी को पता चलता है की उसका पति समलैंगिक है तो उसके मन पर क्या बीतती है। एक पत्नी जो अपने पति के साथ अनेक ख्वाब संजोय बैठी होती है उसके सारे ख्वाब एक झटके से टूट जाते हैं। यही अंकिता के साथ होता है। जब उसे पता चलता है की उसका पति एक समलैंगिक है और हद तो तब हो जाती है जब मनोज अपने तथाकथित पति सन्नी को घर ले आता है और उस पर मनोज चाहता है की वह सन्नी की आवभगत करे। ऐसी परिस्थितियों में अंकिता को याद अपना प्रेमी ऋषभ।

             इस कथानक के मुख्य चार पात्र हैं‌। मनोज, अंकिता, सन्नी और ऋषभ। यह कथानक इन चारों के इर्दगिर्द घूमता है। कभी लगता है मनोज और सन्नी के बीच अंकिता पिस रही है तो कभी लगता है अंकिता और मनोज के कारण ऋषभ परेशान है, कभी मनोज से सन्नी परेशान लगता है तो कभी सन्नी से मनोज परेशान लगता है। कभी मनोज को अंकिता अपनी पत्नी लगती है तो कभी सन्नी उसे अपना पति लगता है और हद तो तब हो जाती है जब उसे ऋषभ उसे पूर्वजन्म का पति लगता है।
               
                 और एक दिन एक मर्डर हो जाता है। यह मर्डर किसका है? यह कहना सरल नहीं है। अक्सर उपन्यासों में यह होता है की एक कत्ल होता है और उसके बाद कातिल की तलाश होती है लेकिन यहाँ लेखक की प्रतिभा है की एक कत्ल होने के बाद भी पाठक तो क्या पुलिस को भी पता नहीं चलता की आखिर यह कत्ल हुआ किसका है।
उपन्यास का आरम्भ जहाँ समलैंगिकता जैसे विषय से होता है वहीं समापन एक मर्डर मिस्ट्री से होता है। मर्डर मिस्ट्री का जहाँ प्रसंग आता है वह काफी रोचक है। लेखक ने वहाँ जबरदस्त समां बाधा है।


          हिन्दी लोकप्रिय उपन्यास साहित्य में मेरे विचार से 'समलैंगिकता' जैसे विषय पर कोई उपन्यास नहीं लिखा गया। यह एक साहसिक कदम था जो एम.इकराम फरीदी जी ने उठाया। ऐसे साहसिक उपन्यास वेदप्रकाश शर्मा जी ही लिख सकते थे, 'क्योंकि वे बीवियां‌ बदलते थे' जैसे अमानवीय विषय पर वेद जी की कलम चली थी और अब उनके शिष्य एम. इकराम फरीदी जी ने भी ऐसा एक ज्वलंत विषय पर उपन्यास लिख कर लोकप्रिय उपन्यास साहित्य के क्षेत्र में श्रीवृद्धि की है।
 ‌‌‌‌‌‌                   हालांकि उपन्यास 'समलैंगिकता' विषय पर कुछ नहीं बोलता यह तो 'समलैंगिकता' से उपजी त्रासदी का स्टिक चित्रण करता है। उपन्यास 'समप्रीत' समलैंगिकता से उपजी एक मर्डर मिस्ट्री है। जिसके मूल में एक पति-पत्नी है या यूं कह सकते है जिसके मूल में 'समलैंगिकता' है।
उपन्यास की कहानी बहुत रोचक है लेकिन‌ जैसे जैसे कथानक आगे बढता तो वह अपनी रोचकता खोता चला जाता है। उपन्यास अंत में आते -आते 'मनोहर कहानियाँ' नामक पत्रिका में छपने वाली अपराध कथा की तरह नजर आने लगता है। अंत में अपराधी का सहज कबूलनामा तो बिलकुल तो इस कथा को और कमजोर बना देता है।
उपन्यास के अंत में हत्याप्राण के विषय में एक अजीब सी उलझन उठती है और कोई सार्थक स्पष्टीकरण के बिना उपन्यास समाप्त हो जाता है।
            उपन्यास का कथानक लोकप्रिय उपन्यास साहित्य के क्षेत्र में एक नया प्रयोग था लेकिन वह अपना कोई विशेष प्रभाव न छोड़ पाया। उपन्यास में अतिरिक्त मेहनत की जरूरत है।

निष्कर्ष-
‌‌          एम. इकराम फरीदी का उपन्यास 'समप्रीत' समलैंगिक विषय पर लिखा गया लोकप्रिय उपन्यास साहित्य का प्रथम उपन्यास है।
यह समलैंगिकता से उपजी एक मर्डर मिस्ट्री पर आधारित रोचक कथानक है जो पाठक को 'समलैंगिकता' के विषय में तो हालांकि कुछ नहीं बताते लेकिन इससे लोगों से पैदा हुए हालात का अच्छा चित्रण करता है। बस उपन्यास का समापन कुछ विशेष नहीं।
उपन्यास पढनीय और दिलचस्प है।


उपन्यास- समप्रीत
लेखक- एम. इकराम फरीदी
प्रकाशक- रवि पॉकेट बुक्स
पृष्ठ- 253
मूल्य- 100₹
'नक्की झील-माउंट आबू'

Friday 15 March 2019

179. जिप्सी- कंवल शर्मा

एक घुमक्कड़ की खतरनाक यात्रा
जिप्सी-कंवल शर्मा, उपन्यास,
         
'जिप्सी' कंवल शर्मा का पांचवां मौलिक उपन्यास है। कंवल शर्मा ने अपने प्रथम उपन्यास 'वन शाॅट' से 'जिप्सी' तक का जो सफर किया है वह वास्तव में प्रशंसनीय है।
           कंवल जी के उपन्यासों में जो रोमांच होता है वह आदि से अंत तक यथावत बना रहता है।
‌‌‌‌         प्रस्तुत उपन्यास 'जिप्सी' एक थ्रिलर रचना है। थ्रिलर भी ऐसा है जो पाठक को अपने साथ बांधे रखता है।
‌ अगर उपन्यास के कथानक की बात करें तो यह एक रिटायर्ड नौसैनिक की कथा। वह रिटायर नौ सैनिक है, इसलिए यह को 'सैन्य-कथा' नहीं है।

        गगनदीप चौधरी नौसेना से रिटायर एक नौसैनिक था, जिसकी ट्रेजडी ये थी कि उसकी तकदीर का उसके साथ एक्स्ट्रा बैर था।

         गगनदीप के साथ तकदीर का बैर तो था ही साथ में उसका जीवन एक जिप्सी का भी था।‌ जिप्सी अर्थात जो एक जगह स्थायी न रहे, घूमता रहे। मैं फितरन एक खानाबदोश बूँद, एक जिप्सी हूँ, जिसका एक जगह टिककर बैठ जाना मुमकिन नहीं। (पृष्ठ-200)

        नौसेना से, ट्रक ड्राइवर और ट्रक ड्राइवर से एक नये सफर की ओर चला पड़ा गगनदीप चौधरी। बस यही नया सफर उसके जीवन में एक खतरनाक मोड़ ले आया। गगनदीप चौधरी की मुलाकात एक बैंड म्यूजिशियन हैरी से होती है। इस नये सफर पर उन्हें एक अनजान लड़की कार में लिफ्ट देती है।
"क्या पणजी जा रही हैं?"
............
"हाँ' लडकी स्वर समान्य था।
" हमें लिफ्ट की तलाश है।" हैरी ने बात आगे बढाई और बोला।

हैरी और गगन को लिप्ट तो मिली लेकिन साथ में एक ऐसी मुसीबत भी मिली जिसका उन्हें कोई अनुमान भी न था।


- अंधेरी रात में अचानक मिली वह लड़की कौन थी?
- क्या उसने झूठ बोला था, वह तीन घण्टे से ड्राईव कर रही है?
- क्या वह सिर्फ गगन से कार चलवाना चाहती थी?
- वह ड्राईव से फ्री होकर कार की पिछली सीट पर सोना चाहती थी या कोई और कारण था?
- क्या वह कार चोरी की थी?
ये सब प्रश्न गगन चौधरी और हैरी को परेशान करते हैं

         कुछ लोगों की जिंदगी ऐसी होती है की वे एक जगह स्थायी रूप से नहीं रह सकते, बस फितरत। ऐसी ही फितरत का मारा है गगनदीप चौधरी। एक नौकरी से मन भरा तो दूसरी, दूसरी से तीसरी। एक जगह से मन ऊब गया तो दूसरी जगह और दूसरी से तीसरी जगह।‌ ऐसे ही गगनदीप चौधरी को एक बैंड म्यूजिशियन हैरी‌ मिल गया और वह उसके साथ पणजी चल दिया। जहाँ मुसीबतें उसका पलक बिछा कर इंतजार कर रही थी। स्वयं गगनदीप चौधरी भी कम न था। ऐसा आदमी जो सब्र नहीं रखता, मुसीबत के आने का इंतजार नहीं करता बल्कि खुद उसे बुलाता है। (पृष्ठ-108)
          'जिप्सी' उपन्यास रोचक और दिलचस्प घटनाओं से भरपूर एक पठनीय उपन्यास है। यह एक थ्रिलर कारनामा है जिसमें घटनाएं महत्व रखती हैं। इन्हीं घटनाओं से मिलकर जो कथानक बना है वह अविस्मरणीय है। घटनाएं भी इतने जबरदस्त तरीके से घटित होती हैं की पाठक हैरान रह जाता है। उपन्यास में कसावट और तेज प्रवाह हथ जो सतत पठनीय है।

उपन्यास में एक दो जगह गगनदीप चौधरी स्वयं कहते हैं- मैं फितरन एक खानाबदोश हूँ। (पृष्ठ-200) और एक जगह इस जिंदगी से परेशान भी दिखते हैं- "मैं अपनी इस दर-दर करती बंजारों सी जिंदगी से आजाद हो सकता हूँ।" (पृष्ठ-110)
देखा जाये तो दोनों कथनों में विरोधाभास है।

       उपन्यास में पृष्ठ संख्या 08-28 तक का एक लंबा लेखकिय है और मजे की बात तो ये है की उस लेखकिय का संबंध उपन्यास से तो बिलकुल भी नहीं है। लेखकिय पर तो 'पूर्व का सफर और पश्चिम का रास्ता' वाली उक्ति चरितार्थ होती है। अगर यह लेखकिय उपन्यास जगत से संबंधित होता तो बहुत अच्छा लगता।


मैं‌ फितरन एक खानाबदोश हूँ, एक जिप्सी हूँ, जिसका एक जगह टिककर बैठ जाना मुमकिन नहीं।
(पृष्ठ-200)
अब आगामी कारनामा क्या होगा यह पढना दिलचस्प होगा।

निष्कर्ष-
कंवल शर्मा का उपन्यास 'जिप्सी' एक जबरदस्त थ्रिलर उपन्यास है। उपन्यास नायक गगनदीप चौधरी के घुमक्कड़ जीवन की एक यादगार गाथा।
उपन्यास की कहानी रोचक और दिलचस्प है।

उपन्यास- जिप्सी
लेखक- कंवल शर्मा
प्रकाशक- रवि पॉकेट बुक्स
पृष्ठ- 254
मूल्य- 100₹


178. देवताओं की धरती- साधना प्रतापी

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और उसके बाद की कथा।


        भारतीय स्वतंत्रता संग्राम पर बहुत सी रचनाएँ लिखी गयी हैं। इसी क्रम में एक उपन्यासकार साधना प्रतापी का उपन्यास 'देवताओं की धरती' विद्यालय पुस्तकालय से प्राप्त हुआ।
          इस उपन्यास की कहानी मुख्यतः दो भागों में विभक्त है। एक स्वतंत्रता से पूर्व और दूसरी स्वतंत्रता के पश्चात की परिस्थितियों पर।
       देश की स्वतंत्रता के लिए देशप्रेमी शहीद हो गये और देश स्वतंत्रत हो गया लेकिन जिस आजाद देश के सपने देखे थे वे सपने अधूरे रह गये।

यह उपन्यास समर्पित है "उन शहीदों के नाम, जिनके बारे में इतिहास भी मौन है।"

         भारतीय स्वतंत्रता में एक बड़ी बाधा थी वह था कुछ भारतीय लोगों का अंग्रेज सरकार के प्रति समर्पण। ऐसे ही एक व्यक्ति थे सर मेला राम जो अंग्रेज सरकार के प्रति वफादार थे। लेकिन मेला राम का भाई धर्मवीर देश प्रेमी निकला। जिसने स्वतंत्रता आंदोलन के होम में स्वयं को जला दिया।- बिना रक्त बहाए आजादी नहीं मिलती। जब तक अँग्रेजों को ईंट का जवाब पत्थर से नहीं मिलता, तब तक इनके होश ठिकाने नहीं आयेंगे। (पृष्ठ-80)

आजादी मिलेगी। गुलामी की बेड़ियाँ कटेगी, सारा देश खुशहाल होगा। जनता का अपना राज्य होगा। सबको कपड़ा, रोटी और मकान मिलेगा। कोई छोटा बड़ा न होगा। (पृष्ठ-48)

          और आजादी मिली। सन् 1947 का वह विभाजन जिसका दर्द आज तक महसूस होता है।‌ इंसान धर्म के नाम पर शैतान बन गया। चारों तक साम्प्रदायिक दंगो का वातावरण था- ऐसे वातावरण में कइयों ने तो अपनी मनचाही लड़की को अपने पहलू में‌ लिटाकर बटवारे की अमर कहानी में चार चाँद लगा दिये। (पृष्ठ-102)


             वास्तव में यह कहानी यही खत्म नहीं होती यह तो आजादी के बाद के यथार्थ को भी रेखांकित करती है। कैसे कुछ लोग भारतीय स्वतंत्रता का दुरुपयोग करने लगे, कैसे लोग स्वतंत्रता सेनानी होने का बहाना बनाकर अपना राजनैतिक स्वार्थ सिद्धि करने लगे। किसी ने सही कहा था 'भारत में सिर्फ सरकार बदली, नीतियाँ नहीं।"
            जहाँ एक तरफ धर्मवीर जैसे देशभक्त हैं जिन्होंने स्वयं के परिवार को बलिवेदी पर चढा दिया और वहीं कुछ ऐसे तथाकथित देशभक्त भी हैं जो देशभक्ति के नाम पर अपना राजनीतिक स्वार्थ पूरा करते हैं।
           इसी संघर्ष को आधार बना कर यह उपन्यास रचा गया है। उपन्यास में उसके अतिरिक्त साम्प्रदायिक दंगों का भी स्टीक चित्रण मिलता है। दंगों का वह भयावह रूप जिसका दर्द दोनों तरफ के लोगों को दर्द झेलना पड़ा। धर्म के नाम पर दंगे करने वाले हैं तो कर्म सिंह जैसे लोग भी हैं जो मानवता के लिए अपनी जान दे देते हैं। फातिमा जैसे लोग भी इसी धरती पर हैं जो लोगों की नजरों में चाहे बुरे हो लेकिन मानवीय दृष्टिकोण से प्रशंसनीय है।‌

          उपन्यास सन् 1965 में प्रकाशित हुआ यह वही समय था जब पंजाब को एक अलग राज्य बनाये जाने की मांग उठ रही थी। यह मांग उठाने वाले कैसे तत्व थे यह उपन्यास में स्पष्ट चित्रित होता है। पहले इन्होंने पंजाबी भाषा का रोना रोया और अब यह पंजाबी सूबा का रोना रो रहे हैं। (पृष्ठ-171)
           उपन्यास में ऐसे नेताओं का चरित्र उभारा गया है को अपने स्वार्थ के लिए देश के टुकड़े करवा देते हैं।

उपन्यास की भाषा शैली बहुत अच्छी है, कुछ वाक्य तो यादगार बन गये हैं। उदाहरण स्वरूप कुछ पंक्तियाँ देखिएगा-

- धर्म हमें न्याय का मार्ग सिखाता है न कि अन्याय तथा अधर्म का। (
पृष्ठ-164)
- जब एक मित्र के दिल में मैल आ जाये तो दूसरे का कर्त्तव्य है कि उस मैल को धोने का प्रयत्न करे। (पृष्ठ-158)

- देश की बागडोर काॅग्रेस के हाथ में है और काँग्रेस में कुछेक व्यक्तियों को छोड़कर बाकी सभी कुम्बापरस्ती और स्वार्थपरता को अपने साथ चिपकाए हुए हैं। (पृष्ठ-154)

- राजनैतिक प्रतिनिधित्व से कहीं अधिक आवश्यकता सामाजिक प्रतिनिधित्व की है। (पृष्ठ-145)

- इस संसार में सब खूनी है। कोई किसी की इज्जत का खून करता है, कोई किसी के चरित्र का खून करता है, कोई किसी के अधिकारों का खून करता है और कोई किसी के परिश्रम का खून करता है। (पृष्ठ-48)

- अपने आप को सभ्य तथा प्रगतिशील कहने वाले यूरोपियन लोग औरत को भोग की वस्तु मानते हैं। (पृष्ठ-19)
             भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और उसके बाद की परिस्थितियों पर लिखा गया यह उपन्यास बहुत अच्छा है लकिन उपन्यास अंत से पूर्व बहुत धीमा हो जाता है, कहीं कहीं तो ऐसा लगता है की उपन्यास को अनावश्यक विस्तार दिया गया है। अगर उपन्यास को स्वतंत्रता पूर्व या स्वतंत्रता पश्चात किसी एक विषय पर ही लिखा जाता तो बहुत अच्छा होता।



निष्कर्ष-
              साधना प्रतापी का उपन्यास 'देवताओं की धरती' भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का चित्रण करने के साथ-साथ भारत के आजाद होने के पश्चात आये राजनीति परिवर्तन और लोगों के स्वार्थ का यथार्थवादी चित्रण करता है।
उपन्यास का विस्तार कुछ ज्यादा है। अंतिम चरण में आकर कुछ हद तक उपन्यास निराश करता है लेकिन फिर भी इसका समापन अच्छा है।

उपन्यास- देवताओं की धरती
लेखक- ‌ साधना प्रतापी
प्रकाशक- नवयुग प्रकाशन, दिल्ली-7
पृष्ठ- 180



Tuesday 12 March 2019

177. चौरासी- सत्य व्यास

दर्द से गुजरती एक प्रेम कथा

     सन् 1984 के दंगे कौन भूल सकता है और दंगे चाहे कोई भी हो, सन् 1947, 1984 या मेरठ हो या गोधरा। साम्प्रदायिक की आग जहाँ भी लगी है या लगाई गयी है उसके दाग अमिट हैं। समय- समय पर यही दाग टीसते हैं। बस उस दर्द की अभिव्यक्ति अलग-अलग होती है। दर्द तो दर्द है, वह कभी धर्म या जाति नहीं देखता। इस दर्द को वही अनुभव कर सकता है जो संवेदनशील है, जिसमें इंसानियत बाकी है। ऐसी ही दंगों की कथा 'चौरासी' लेकर उपस्थित हुये है सत्य व्यास।
                 सन् 1984 के 'हिन्दू- सिख' दंगों में उपजी एक प्रेम कथा है 'चौरासी'। कहने को चाहे यह प्रेमकथा है लेकिन इसके पीछे जो कहानी है वह इंसानी रक्त में डूबी हुयी है।
         इंसान चाहे कितना भी सभ्य हो जाये लेकिन समय मिलते है उसमें बैठा शैतान जाग जाता है। हजारी प्रसाद द्विवेदी लिखते हैं 'नाखून क्यों बढते हैं?', क्योंकि वह हमारी आदिम प्रवृति के प्रतीक हैं। यह आदिम‌ प्रवृत्ति समय मिलते ही जाग जाती है, जैसे चौरासी उपन्यास में लोगों की जागी।
            हर बार यही लगता है की हम एक गलती से सबक लेकर अच्छे इंसान बनेंगे लेकिन हर बार अच्छे बनने की बात को कुछ समय बाद भूल जाते हैं और हम पर धर्म, जाति और राजनीति हावी हो जाती है और इंसानियत भूल जाते हैं।

           इंसान से शैतान बनने की कहानी को सत्य व्यास जी ने अपने उपन्यास 'चौरासी' के माध्यम से जिस ढंग से अभिव्यक्त किया है वह पठनीय है।
         चौरासी कहानी है दो मासूम प्रेमियों की जो अपनी एक मासूम सी जिंदगी जीना चाहते हैं। लेकिन एक रात को उनके जीवन की दिशा बदल जाती है। पंजाब में उठा आतंकवाद और उससे निकली आग में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और इस हत्या से नफरत ने पूरे सिख समुदाय को झुलसा जाती है। इसी नफरत का साक्षी बना झारखंड का शहर बोकारो।
       बोकारो शहर का एक हिन्दू लड़का ऋषि अपने मकान मालिक पजांबी परिवार की लड़की मनु से प्रेम करता है। प्रेम कोई प्रमेय नहीं जो निश्चित साँचे में ही सिद्ध होता है। प्रेम अपरिमेय है। दोनों के कुछ सपने थे। लेखक ने लड़कियों के संदर्भ में बहुत अच्छा लिखा है। लड़की जब अपने सपनों के साथ निकलती है तो सबसे ज़्यादा सुरक्षा अपने सपनों की ही करती है।

          अभी प्रेम परवान चढा भी न था की 'हिन्दू-सिख' दंगे फैल गये। लोग इंसान से शैतान‌ बनने में समय नहीं लगाया। ऐसे समय में उपजी अफवाहें हमेशा जानलेवा साबित होती हैं।
अफवाहों का बाजार गर्म था। अफ़वाह की सबसे विनाशकारी बात यह होती है कि यह नसों में लहू की जगह नफ़रत दौड़ाती है और वह नफरत महज़ दिल तक जाती है। अफ़वाह दिमाग़ तक किसी भी संकेत के जाने के सारे रास्ते बंद कर देती है। घृणा हुजूम का सबसे मारक हथियार है।
इस घृणा ने भारत की एकता, प्रेम, भाईचारे में ऐसी आग लगाई जो दशकों बाद बुझ न पायी।
‌‌
          उपन्यास एक कहानी मात्र नहीं है यह तो हमारे काले इतिहास से परिचित करवाता है। उस काले इतिहास से उपजी नफरत हमेशा हारती रही है और विजयी हमेशा प्रेम होता है, भाई चारा होता है।
प्रेम को लेकर लेखन ने जो पंक्तियाँ रची हैं वे प्रशंसनीय हैं।


- प्रेमी एकाध सदियाँ तो इशारों में ही जी लेते हैं।

- किताबों से किसी को कोई प्रेम नहीं था। किताबों से प्रेम ही होता तो दंगे ही क्यों होते! सो, किताबों को आग का कच्चा माल मानकर उसी तरह उपयोग किया गया।

- प्रेम दरअसल तरह-तरह के आँसुओं का समुच्चय है। ख़ुशी, ग़म, ग़ुस्सा, ख़ला, डर और बिछोह। यह सारी भावनाएँ एक ही गुण को संतुष्ट करती हैं और वही गुण प्रेम है।
- मूर्खताओं की एक परिणति प्रेम और प्रेम की एक परिणति मूर्खता भी है।

        उपन्यास में कुछ एक बातें ऐसी भी हैं जो लेखक स्पष्ट नहीं कर पाये। ऋषि का दंगों के लोगों के साथ या तथाकथित नेता जी का आदेश मानना क्यों आवश्यक था।
एक पंक्ति है- रमाकांत ठाकुर ने आज पहली बार जाना कि सिख, हिंदू नहीं होते। (पृष्ठ-) अब पता नहीं इस पंक्ति का क्या अर्थ है।


निष्कर्ष-
सत्य व्यास द्वारा लिखित उपन्यास 'चौरासी' सन् 1984 ई. के 'हिन्दू-सिख' दंगों के दौरान झारखण्ड के एक शहर 'बोकारो' की घटना को व्यक्त करती है। यह एक प्रेमकथा होने के साथ-साथ सिख समाज पर हुए सामूहिक नरसंहार का मार्मिक चित्रण है।
संवेदनशील पाठक को यह रचना अवश्य पढनी चाहिए।

उपन्यास- चौरासी
लेखक- सत्य व्यास
प्रकाशक- हिन्द युग्म
पृष्ठ- 160
मूल्य- 125₹
उपन्यास लिंक- चौरासी



Friday 8 March 2019

176. दिल्ली दरबार- सत्य व्यास

एक उच्छृंखल सी प्रेम कथा
दिल्ली दरबार- सत्य व्यास, उपन्यास ।

             सत्य व्यास कम समय में काफी चर्चित लेखक हो गये हैं। इनकी रचनाएँ वर्तमान पाठक वर्ग में खूब चर्चा पा रही हैं। सत्य व्यास जी की जो भाषा शैली है वह सहज ही पाठक को प्रभावित करती है। शब्दों को इतने सहजता से काम में‌ लेते हैं की गंभीर विषय भी सरल हो उठता है।
सत्य व्यास जी की मैंने तीनों उपन्यास 'बनारस टाॅकिज', 'दिल्ली दरबार' और 'चौरासी' पढे हैं। तीनों में एक बात सामान्य है वह है कथा लेखक द्वारा न कही जाकर प्रथम पुरुष में कही गयी है।
      'दिल्ली दरबार' उपन्यास में भी कथा नायक का मित्र मोहित द्वारा कही गयी एक प्रेम कथा है।
       प्यार की सबसे खूबसूरत बात उसके साथ आने वाली परेशानियाँ हैं, अड़ंगे हैं, मुश्किलें, मुसीबतें हैं। सब परेशानियाँ कमोबेश एक होते हुए भी प्रेम कहानियों में अलग-अलग आती हैं और यही किसी भी कहानी को अलहदा अनुभव देती हैं।
             दिल्ली दरबार की इस प्रेम कथा में भी बहुत सी परेशानियां हैं। परिधि की अलग कथा, महिका की एक अलग प्रेम कथा है और दोनों के बीच में है प्रेम को मात्र वासना समझने वाला कथानायक राहुल मिश्रा। इस प्रेम के परिणाम क्या रहे।
          प्रेम के कारण नहीं होते; परिणाम होते हैं पर प्रेम में परिणाम की चिंता तब तक नहीं होती जब तक देर न हो जाए। पंछी घर के छतों, मेट्रो की सीढ़ियों, कॉलेज के खुले मैदानों में या फिर पार्क के पेड़ों के गिर्द अपनी जिंदगी के नीड़ बनाने के सपने में खोए रहते हैं और परिणाम अपनी परिणति की ओर मंद गति से चलता जाता है। यह परिणति सुखद होगी या दुखद या कि फिर दुखद परिणति का सुखद परिणाम या फिर इसका भी उल्टा होगा यह महज इस बात पर निर्भर होता है कि प्रेम का परिमाण कितना है। है भी या नहीं।


           'दिल्ली दरबार' कहानी है दो दोस्तों की, दो दोस्त जो झारखण्ड के एक शहर से दिल्ली में पढने आते हैं। जहाँ एक और पात्र शामिल होता है मकाल मालिक बटुक शर्मा और शर्मा जी की लड़की परिधि भी है।
           यहीं से कहानी में घुमाव आता है। राहुल को परिधि से प्रेम होता है, लेकिन यह मात्र जिस्मानी प्रेम है जैसा की बाद में राहुल को महिका से भी होता है। लेकिन सफल कौनसा होता है यह पठनीय है।
      हाल परिधि का भी सुन लीजिएगा- बाल इतने सीधे मानो इस्त्री किए हों। कपड़े इतने बरहम मानो घर में इस्त्री ही न हो। चेहरा इतना गोल मानो नाक के केंद्र से त्रिज्या ली गई हो। चेहरे पर भाव इतने तिरछे मानो किसी बेशऊर ने कूची पकड़ी हो। होंठ इतने भरे हुए कि थिरकन तक महसूस हो जाए और आँखें इतनी खाली कि सागर समा जाए। (परिधि का वर्णन)

उपन्यास में दो दोस्तों की दोस्ती, प्रेम प्रकरण, नौकरी के लिए संघर्ष, मकान मालिक से बहस जैसे कुछ प्रसंग मिलेंगे।


        कहानी में हल्की श्रेणी का भरपूर हास्य है, यह मात्र हास्य है कोई व्यंग्य नहीं है। हास्य भी वह जो किसी की परिस्थितियों या उसके व्यवहार से उपजा निम्न स्तर का हास्य है।
         
       कुछ रोचक कथन उपन्यास की रोचकता को बढावा देते हैं, जैसे- 
“तुम्हारे जैसी ही औरतें होती हैं जो शादी की बात चलते ही नींबू चाटने लगती हैं।"
"प्रेम के कारण नहीं होते परिणाम होते हैं”
“बांधकर रखना भी तो कोई प्यार नहीं हुआ न”
जिंदगी एयर होस्टेज हो गई है, जिसमें बिना चाहे मुस्कुराना पड़ता है”
"प्रेम, पानी और प्रयास की अपनी ही जिद होती है और अपना ही रास्ता।”


निष्कर्ष- 
           प्रस्तुत उपन्यास 'दिल्ली दरबार' एक फिल्मी कहानी की तरह है। जहां प्रेम, दोस्ती, विश्वास और प्रेम विवाह है।
दो दोस्तों की दोस्ती और प्रेम की यह रोचक कथा पठनीय है। 

उपन्यास- दिल्ली दरबार
लेखक-   सत्य व्यास
प्रकाशक- हिन्द युग्म



आयुष्मान - आनंद चौधरी

अमर होने की चाह.... आयुष्मान- आनंद चौधरी ये अजीबोगरीब दास्तान मोर्चरी के पोस्टमार्टम रूम में पोस्टमार्टम टेबल पर रखी गई एक लाश से शुरू होती...