Saturday, 17 October 2026

747. अण्डमान में हंगामा- परशुराम शर्मा

विनोद- हमीद और क्राइम रिपोर्टर रमेश का कारनामा
अण्डमान में हंगामा- परशुराम शर्मा

प्रस्तुत कहानी है भारत के एक द्वीप अण्डमान की जहां कुछ अवांछित शक्तियाँ हंगामा पैदा करती हैं। आखिर इन अवांछित शक्तियों के पीछे किसका हाथ और यह भारत भूमि पर क्या हंगामा खड़ा कर रही थीं और इनको किसने कड़ी टक्कर दी और खत्म किया ।।
नमस्ते पाठक मित्रो,
  जैसा की आपने ऊपर लिखा विवरण पढ लिया है और कहानी के विषय में एक विस्तृत अनुमान लगा लिया होगा लेकिन कहानी में और भी बहुत कुछ कहने को है । और उस 'बहुत कुछ' को हम इस समीक्षा में स्पष्ट करें।

अण्डमान में हंगामा- परशुराम शर्मा

रात्रि के लगभग दस बज चुके थे ।
नियाग्रा होटल के रात्रि कार्यक्रम अपने यौवन पर थे-बॉल रूम में डांस जोर शोर से चल रहा था ।आर्केस्टा अपनी मधुर धुन बिखेर कर जवान दिलों का आर्कषण बना हुआ था ।
अन्य फ्लोर पर जोड़े उसी की मधुर धुन पर थिरक रहे थे।
किन्तु वह युवती सबसे अलग थलग एक मेज पर आसन जमाये थी ।
देखने में वह विदेशी लगती थी।
उसके आकर्षक रूप पर कई जवान दिलों की नजरें फिसली हुई थी, किन्तु वह उन सब नजरों से लापरवाह सी काफी पीने में तल्लीन थी उसकी नजरें बार-बार द्वार की ओर उठ जाती कभी वह अपनी कलाई पर बंधी रिस्टवाॅच को देखने लगती ।
कहने को वह बाल रूम में बैठी थी किन्तु उसका ध्यान हो रहे डांस की ओर कतई नहीं था ।
अभी वह कॉफी समाप्त भी नहीं कर पाई थी कि एक वेटर उसे एक मुड़ा हुआ कागज थमा कर चला गया ।
उसने चौंककर उस कागज को देखा फिर उसकी तह खोलकर अन्दर लिखी इबादत पढ़ने लगी ।(अण्डमान में हंगामा- परशुराम शर्मा, प्रथम पृष्ठ)
   भारतीय मूल की मूवी अपने अंकल के साथ भारत आयी हुयी है और वह 'नियाग्रा होटल' में बैठी थी उसी समय उसे एक संदेश मिलता है।
     मेरी जान खतरे में है बेबी, फौरन रीगल पार्क पहुंचकर मुझसे मिलो किसी भी टैक्सी वाले को तुम यह पता बताकर आसानी से पहुंच सकती हो । 
तुम्हारा अंकल - मनीश जार्ज 
     यहीं से उपन्यास का घटनाक्रम आरम्भ होता है और फिर कड़ियाँ उलझती चली जाती हैं। और कहानी में जासूस महोदय भी शामिल हो जाते हैं। इसी कड़ी में मूवी की मुलाकात पत्रकार रमेश से होती है। 
    कर्नल विनोद के पास एक लड़की का फोन आता है और वह कर्नल विनोद से सहायता की प्रार्थना करती है।
'मैं मैं मूवी हूं।'
'मूविउ ।' विनोद हंसा-'कहिये फोन करने का कष्ट कैसे किया यह नाम मेरे लिये सर्वथा अपरिचित है ।'
'देखिये बात दरअसल यह है कि मैं एक विदेशी लड़की हूं। हाल में हिन्दुस्तान घूमने आई हूं। मैं इस समय बेहद परेशानी में फंस गई हूं। क्या मेरी सहायता कर सकेंगे ?
'किस प्रकार की सहायता ?'
'म...मैं मेरी समझ में नहीं आता, आपको पूरी बात कैसे समझाऊ। बस इतना ही समझ लीजिये कि कुछ लोग मुझे कत्ल करना चाहते हैं। उनमें से एक अब भी होटल के निचले खंड में बैठा है। इस समय मेरे अंकिल भी यहां मौजूद नहीं है। मैं कमरे से बाहर भी नहीं निकल सकती ।'
'बड़ी विचित्र बात है आप कौन से होटल में ठहरी हैं।'
'नियाग्रा, ओह... मैं क्या करूं कोई दरवाजा खटखटा रहा है। कर्नल मेरी जान बचा लीजिये... बचा...।'(पृष्ठ संख्या...)
यहीं से कर्नल विनोद और उनका सहयोगी हमीद भी उस केस में शामिल हो जाते हैं। कर्नल को यह भी जानकारी मिलती है की होटल नियाग्रा से मूवी के अंकल भी अनुपस्थिति हैं। वह स्वयं कहीं चले गये या वह किसी मुसीबत में हैं। 
   अब कहानी में संघर्ष आरम्भ होता है वास्तविकता का पता लगाने का । एक तरफ मूवी और उसके अंकल है जो रहस्यमयी नजर आते हैं और दूसरी तरफ उन दोनो के अनुसार कुछ खतरनाक लोग उनकी जान के पीछे पड़े हैं।
मूवी और उसके अंकल मनीश जार्ज का संबंध है अण्डमान द्वीपसमूह से। जहां उनका विशाल व्यवसाय स्थापित है, जहां उनका घर परिवार है, जहां उनका सर्वस्व है।‌ और उसी अण्डमान में‌ कुछ देश विरोधी ताकतें सक्रिय हैं। 
क्या वह ताकतें मूवी और उनके अंकल से संबंधित हैं या फिर वह कोई और लोग हैं‌ ?
कौन है देश का दुश्मन और कैसे उन्हें विनोद-हमीद- क्राइम रिपोर्टर रमेश पराजित करते हैं यह पठनीय है ।
संवाद:-
उपन्यास में संवाद कोई ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। एक दो जगह स्मरणीय कथन प्रभावित करते हैं।
'दो भावनाओं के मिल जाने से बड़ा अजीब सुख मिलता है । आत्मा को ठन्डक पहुंचती है-उसी सुख को हम दूसरे शब्दों में प्यार कहते हैं ।
- हर प्राणी इस संसार में अपना कोई न कोई महत्व रखता है । उसका स्थान दूसरा ग्रहण नहीं कर सकता । तुम अपनी जगह हो और मैं अपनी जगह । तुम मेरा रूप आकार ग्रहण नहीं कर सकती और मैं तुम्हारे स्थान पर नहीं आ सकता मेरे गुण अलग हैं और तुम्हारे अलग । (उपन्यास अंश)
  तथ्यात्मक:- 
क्राइम रिपोर्टर रमेश के साथ उसकी प्रिय सहयोगी सरला होती है। प्रस्तुत उपन्यास में सरला के विषय में कुछ जानकारी प्राप्त होती है- 
और लम्बे समय बाद मालूम हुआ कि सरला किसी अज्ञात टापू की राजकुमारी थी उसे हिन्दुस्तान में रमेश के पास सिर्फ इसलिए छोड़ दिया था ताकि वह सुरक्षित रह सके । इसका कारण टापू का षडयन्त्र था । राजा और रानी को मौत के घाट उतारने के बाद एक खुंखार इन्सान ने स्वयं राज्य सम्भाल लिया था । और राजा का ही एक वफादार सरला की जान बचाकर उसे ले भागा था। यह सब कुछ उस समय मालूम हुआ जब टापू के शैतान को सरला के जीवित होने का पता चला और वह हिन्दुस्तान में उत्पात मचाने आया । (उपन्यास अंश)
रमेश के विषय में कुछ रोचक जानकारी उपलब्ध है- 
रमेश ने अनेक वर्षों से बाप की शक्ल नहीं देखी बाप की नजरों में वह नालायक साबित हो चुका था - उन्होंने रमेश को बहुत पहिले ही यह घोषित कर दिया था कि वह उसका लड़का नहीं है । (उपन्यास अंश)
    परशुराम शर्मा जी द्वारा लिखित 'अण्डमान में हंगामा' एक सामान्य लघु उपन्यास है‌ । जिसका कथानक अण्डमान के धरती पर पनप रहे देशद्रोही को बेनकाब करने से संबंधित है।
उपन्यास रोचक है एक बार आप पढ सकते हैं।
उपन्यास - अण्डमान में हंगामा
लेखक -   परशुराम शर्मा
पृष्ठ-        -94
प्रकाशक- लक्षमी पॉकेट बुक्स- मेरठ

No comments:

Post a Comment